कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

0
azswewsaz

लातूर, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल ने हाल ही में अपने परिवार के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। उनकी पुत्रवधू अर्चना पाटिल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अर्चना पाटिल ने इस बैठक की तारीख नहीं बताई। हालांकि सूत्रों के अनुसार यह बैठक एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री के सरकारी आवास पर हुई थी।

पिछले वर्ष महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अर्चना पाटिल लातूर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार थीं और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख से हार का सामना करना पड़ा।

शिवराज पाटिल (89) 2004 से 2008 तक केंद्रीय गृह मंत्री रहे और 1991 से 1996 तक वह लोकसभा के 10वें अध्यक्ष थे। वह पंजाब के राज्यपाल रहे और 2010 से 2015 तक उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में भी कार्य किया।

अर्चना पाटिल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी मुलाकात अविस्मरणीय रही। यह हम सभी के लिए ऊर्जा से भरपूर थी।’’

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष रहते हुए शिवराज पाटिल द्वारा नये संसद भवन के निर्माण के लिए रखे गए प्रस्ताव को मोदी ने याद किया।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन, राजनीति में महिलाओं की भागीदारी, सौर ऊर्जा मिशन, एक राष्ट्र- एक चुनाव और महिला सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

अर्चना पाटिल ने बताया कि एक घंटे की मुलाकात के दौरान मोदी ने सत्य साईं बाबा के पुट्टपर्थी आश्रम की अपनी यात्रा के बारे में भी बात की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री को लातूर आने का निमंत्रण दिया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *