अब तक 3 शादियां कर चुके एक्टर करण सिंह ग्रोवर अपनी लव लाइफ को लेकर हमेशा खबरों में रहे हैं। सबसे पहले 2008 में उन्होंने श्रद्धा निगम के साथ शादी की थी लेकिन एक साल के अंदर ही उनकी ये शादी खत्म हो गई।
इसके बाद 2012 में उन्होंने छोटे पर्दे की बेहद सैक्सी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट के साथ शादी की। टीवी शो ‘दिल मिल गए’ में दोनों के बीच का ‘रील लाइफ रोमांस’, ‘रियल लाइफ’ में बदल गया लेकिन जेनिफर और करण की यह शादी बमुश्किल दो साल ही टिक सकी।
जेनिफर से अलग होने के बाद फिल्म ‘अलोन’ (2015) में साथ काम करते हुए करण बिपाशा के बीच नजदीकियों का दौर शुरू हुआ। हालांकि दोनों की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर फ्लॉप रही लेकिन सेट पर करण और बिपाशा एक दूसरे से इश्क कर बैठे जिसकी परिणीति शादी में हुई। 2016 में करण और बिपाशा बसु ने शादी कर ली। दोनों अपनी शादीशुदा जिंदगी में बेहद खुश बताए जा रहे हैं। इस कपल ने 2022 में बेटी देवी का वेलकम किया।
23 फरवरी 1982 में दिल्ली के एक सिख परिवार में पैदा हुए करण सिंह ग्रोवर जब बहुत छोटे थे, उनका परिवार सऊदी अरब चला गया। वहां उन्होंने दम्मम के इंटरनेशनल इंडियन स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद वो मुंबई आ गए और यहां आईएचएम मुंबई से उन्होने होटल मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की।
एक्टिंग में करण सिंह ग्रोवर को पहला अवसर एकता कपूर ने टीवी शो ‘कितनी मस्त है ज़िंदगी’ (2004-2005) में दिया। उसके बाद वे ‘कसौटी जिंदगी के’ (2005-2006) में नजर आए। ‘दिल मिल गए’ (2007-2010) में वो डॉ अरमान मलिक के किरदार में नजर आए। इस टीवी शो के जरिए करण को जबर्दस्त स्टारडम मिला। इसके बाद फिर उन्होंने कभी मुड़कर नहीं देखा।
करण सिंह ग्रोवर ने ‘झलक दिखला जा-3’ (2009) और ‘फीयर फैक्टर खतरों के खिलाड़ी-3’ (2010) जैसे कई रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया।
इसी बीच वह ‘तेरी मेरी लव स्टोरी’ (2012), ‘कुबूल है’ (2012-2013) और ‘कसौटी जिंदगी की 2’ (2019-2020) में मिस्टर ऋषभ बजाज के रूप में नजर आए।
करण ने 2008 में बड़े पर्दे का रुख करते हुए अपना फिल्मी सफर फिल्म ‘भ्रम’ से शुरू किया। इसके बाद वो फिल्म ‘आईएम 24’ (2012), ‘हेट स्टोरी 3’ (2015) और ‘अलोन’ (2015) में दिखे।
पिछली बार वह फिल्म ‘फाइटर’ (2024) में नजर आए थे। इस फिल्म में करण ने स्क्वॉड्रन लीडर सरताज सिंह गिल के किरदार में अपनी दमदार एक्टिंग से खूब इम्प्रेस किया।
रिपोर्ट के मुताबिक करण सिंह ग्रोवर ‘कसौटी जिंदगी की 2’ (2019-2020) के बाद टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के जरिए एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि ये शो एक मराठी शो ‘तुला पाहते रे’ का रीमेक होगा। इस शो में करण 20 साल छोटी एक्ट्रेस हेली शाह के साथ रोमांस करते दिखेंगे।