तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) केरल में सोमवार को मुस्लिम समुदाय ने धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया।
रमजान के महीने के समापन पर नमाज अदा करने के लिए लोग सुबह राज्य भर में मस्जिदों और विशेष रूप से ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे।
राज्य के उत्तरी जिलों में ईदगाहों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। ईदगाह ऐसे खुले स्थान होते हैं, जहां सामूहिक नमाज अदा की जाती है।
मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलते और शुभकामनाएं देते हुए नजर आए।
राज्य भर के मुस्लिम घरों में विभिन्न व्यंजनों के साथ पारंपरिक भोज तैयार किए गए।
मस्जिदों में धर्मोपदेश के दौरान धार्मिक नेताओं ने नमाजियों से करुणा, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को बनाए रखने तथा इस्लाम के मूल्यों के अनुरूप जीवन जीने का संदेश दिया।
कोच्चि के कलूर में सामूहिक रूप से नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए लोगों ने मादक पदार्थ के खतरे के खिलाफ लोगों को आगाह करने वाला एक बैनर प्रदर्शित किया।
धार्मिक सद्भाव का संदेश दिखाते हुए उत्तरी कोझीकोड जिले के किनासेरी में देवी दुर्गा को समर्पित एक मंदिर के मैदान में एक ईदगाह की व्यवस्था की गई।
रांची में सामूहिक रूप से नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए लोगों को प्रसिद्ध पलायम जुमा मस्जिद के इमाम वी पी सुहैब मौलवी ने भी मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ लड़ाई में भाग लेने का आग्रह किया।