भाला फेंक में यादव, ऊंची कूद में पूजा और 5000 मीटर में बेरवाल ने राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड बनाया
Focus News 12 February 2025 0![Sachin-Yadav](https://focusnews.co.in/wp-content/uploads/2025/02/Sachin-Yadav.webp)
देहरादून, उत्तर प्रदेश के भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव, हरियाणा की 18 साल की ऊंची कूद खिलाड़ी पूजा सिंह और हिमाचल प्रदेश के लंबी दूरी के धावक सावन बेरवाल ने बुधवार को यहां एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन राष्ट्रीय खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीते।
नीरज चोपड़ा और किशोर जेना जैसे स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में 25 साल के यादव ने अपने पांचवें और अंतिम प्रयास में भाले को 84.39 मीटर की दूरी तक फेंककर स्वर्ण पदक जीता।
यादव ने 2015 में बनाए राजिंदर सिंह के 82.23 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
यादव ने अपनी स्पर्धा के बाद कहा, ‘‘मेरा लक्ष्य विश्व एथलेटिक्स का स्वत: पात्रता स्तर (85.50 मीटर) हासिल करना था लेकिन मैं इसमें चूक गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने लक्ष्य के करीब हूं और अगली प्रतियोगिता में 85.50 मीटर की दूरी हासिल करने में सक्षम होना चाहिए।’’
यादव का 84.39 मीटर अब चोपड़ा (89.94 मीटर), जेना (87.54 मीटर), शिवपाल सिंह (86.23 मीटर) और देविंदर सिंह कांग (84.57 मीटर) के बाद किसी भारतीय के करियर का पांचवां सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।
भाला फेंक का रजत और कांस्य भी उत्तर प्रदेश के नाम रहा। रोहित यादव ने 80.47 मीटर के साथ दूसरा जबकि विकास शर्मा ने 79.33 मीटर से तीसरा स्थान हासिल किया।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने 1.84 मीटर के प्रयास से 2023 सत्र में जीते महिलाओं की ऊंची कूद के स्वर्ण पदक को बरकरार रखा। उन्होंने 2022 में पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन के 1.83 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
पूजा का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1.85 मीटर है जो राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी है।
तमिलनाडु की गोबिका के (1.79 मीटर) ने रजत जबकि कर्नाटक की अभिन्या शेट्टी (1.77m) ने कांस्य पदक जीता।
बेरवाल ने 13 मिनट 45.93 सेकेंड के साथ पुरुष 5000 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने सेना के जी लक्ष्मणन के 2015 में बनाए 13 मिनट 50.05 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के पिछड़ने रिकॉर्ड को बेहतर किया। यह बेरवाल का मौजूदा खेलों में दूसरा स्वर्ण और दूसरा राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड है।
उन्होंने शनिवार को पुरुष 10 हजार मीटर स्पर्धा भी 28 मिनट 49.93 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलो के रिकॉर्ड समय के साथ जीती थी।
हरियाणा के गगन सिंह ने 14 मिनट 00.04 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता जबकि मध्य प्रदेश के सुनील डावर ने 14 मिनट 01.33 सेकेंड के समय से कांस्य पदक हासिल किया।
महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की विथ्या रामराज ने 58.11 सेकेंड के समय के साथ राष्ट्रीय खेलों का लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2022 और 2023 में भी स्वर्ण पदक जीते थे। इस स्पर्धा का 55.42 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड संयुक्त रूप से उनके और पीटी उषा के नाम है।
पेरिस ओलंपिक में भारत की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहीं रामराज राष्ट्रीय खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर महिला 100 मीटर बाधा दौड़ की खिलाड़ी ज्योति याराजी और पुरुष 110 बाधा दौड़ के खिलाड़ी तेज शिरसे की सूची में शामिल हो गईं।
पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण गुजरात के रुचित मोरी ने 50.97 सेकेंड के समय से जीता जबकि महिला गोला फेंक में पंजाब की जैस्मिन कौर ने 15.97 मीटर के प्रयास से शीर्ष स्थान हासिल किया।
महिला 5000 मीटर की चैंपियन उत्तराखंड की अंकिता ध्यानी (15 मिनट 56.03 सेकेंड) बनीं जबकि चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में केरल ने तीन मिनट 25.35 सेकेंड के साथ बाजी मारी।