महाकुंभ नगर (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को यहां संगम में डुबकी लगाई।
नड्डा के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने भी संगम में स्नान किया।
मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ स्नान करने के बाद भाजपा अध्यक्ष ने अपने परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। साथ ही उन्होंने मां गंगा को साड़ी, नारियल, पुष्प आदि भी अर्पित किया। नड्डा के साथ डुबकी लगाने वालों में उनके परिवार के दो बच्चे भी शामिल थे।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, भाजपा अध्यक्ष शनिवार को दोपहर में प्रयागराज हवाई अड्डा पहुंचे जहां उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रदेश के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता और फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने उनका स्वागत किया।
महाकुंभ नगर के अरैल पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नड्डा का स्वागत किया और उन्हें बोट से संगम ले गए। इस दौरान, नड्डा और उनके परिवार ने संगम में कलरव कर रहे साइबेरियाई पक्षियों को दाना भी खिलाया।