आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को बदहाल कर दिया : भाजपा नेता किरण चौधरी

0
ZAsdfghgcxz

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए कहा कि उसकी सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी को ‘डर्टी स्लम’ बनाकर ‘‘बदहाल’’ कर दिया है और उसके नेता अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरों पर ‘‘अनाप-शनाप’’ आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उनका जनाधार पूरी तरह खिसक चुका है।

राज्यसभा में, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए भाजपा की किरण चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का सपना आज भारत के हर नागरिक का सपना है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के लिए जिस ‘विश्व गुरु’ का सपना देखा है आज भारत उस सपने को पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का दृष्टिकोण समाज में युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों सहित सभी वर्ग का विकास करना है और राष्ट्रपति के अभिभाषण में यह दृष्टिकोण प्रदर्शित हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासनकाल में जो ‘‘नीतिगत पंगुता’’ और बेपहरवाही का रुख था, उसे मोदी सरकार ने दूर किया है।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज पर्यावरण के मुद्दे पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार 2027 तक भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अपनी हताशा के चलते मोदी सरकार पर किसान विरोधी, महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं। लेकिन इन दलों के पास समाज के विभिन्न वर्गों का कल्याण करने की कोई नीयत नहीं है।

भाजपा सदस्य ने कहा कि मोदी सरकार ने विभिन्न कानून बनाकर और देश भर में शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, लखपति दीदी योजना, जनधन योजनाआओं आदि के माध्यम महिलाओं का जीवन गरिमापूर्ण बनाया है और उन्हें सशक्त बनाया।

उन्होंने कहा कि आज से पहले किसी भी सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए इतना काम नहीं किया जितना वर्तमान मोदी सरकार ने किया है और इससे देश को विकसित भारत बनाने में मदद मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसा देखने को मिल रहा है कि बेटी शादी करने से पहले पूछती है कि घर में शौचालय है या नहीं और यदि यह नहीं होता है तो वह उस परिवार में शादी करने से मना कर देती है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की महिलाओं को सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस दिया।

भाजपा सदस्य ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की सरकार ने शाहबानो के मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को पलटते हुए एक ऐसा कानून बनाया जिससे अल्पसंख्यक समाज में महिलाओं को पीछे धकेल दिया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने तीन तलाक की प्रथा पर रोक लगाने के लिए जो कानून बनाया है, उससे महिलाओं को बड़े स्तर पर राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए जो कानून बनाया है, उससे देश के नीति निर्माण में महिलाओं की बड़ी भूमिका सुनिश्चित होगी।

चौधरी ने ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल का नाम लिये बिना हरियाणा के खिलाफ ‘‘अनाप-शनाप’’ बोलने और हरियाणा पर ‘‘नरसंहार’’ और ‘‘जल आतंकवाद’’ जैसे निराधार आरोप लगाने को लेकर उनकी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने दिल्ली को बदहाल कर रखा है।

चौधरी ने कहा कि दिल्ली में गरीब व्यक्ति मिनरल वाटर नहीं खरीद पा रहा, ऐसे में वह कहां जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग गंदा पानी पीकर बीमारियों से मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ का नाम बदल कर ‘‘आप-दा’’ पार्टी कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा दिल्ली को अतिरिक्त पानी दे रहा है। उन्होंने कहा कि वह ‘आप’ नेता को चुनौती दे रही हैं कि वह यह साबित करके दिखाएं कि हरियाणा से दिल्ली को दूषित पानी मिल रहा है।

चौधरी ने दावा कि दिल्ली में आप का जनाधार खिसक गया है और वह विधानसभा चुनाव हारने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका यह कारण है कि दिल्ली आज एक ‘डर्टी स्लम’ (गंदी झुग्गी बस्ती) बन गई है।

उन्होंने कहा कि आम बजट में मोदी सरकार ने आयकर छूट की सीमा में जो वृद्धि की है, उससे दिल्ली में मध्यम वर्ग में खुशी की लहर दौड़ गयी है।

प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा के नीरज शेखर ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सदन के बाहर जाकर विपक्ष के नेताओं ने जो कहा, उससे न केवल वह बल्कि देश का हर आदमी दुखी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को ‘पुअर लेडी’ कहना कितना उचित है।

उन्होंने उल्लेख किया कि एक नेता ने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण ‘बोरिंग’ था। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कहा कि वह अपनी पार्टी के नेता को समझाये कि राष्ट्रपति का अभिभाषण किसी के मनोरंजन के लिए नहीं दिया जाता।

शेखर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता को अब अपनी चिंता करनी चाहिए क्योंकि आठ फरवरी को उनकी सरकार विदा होने जा रही है।

उन्होंने पिछले साल शुरू की गयी केंद्र की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें से ऐसे बहुत सारे काम हैं, जो देश की आजादी के तुरंत बाद किये जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि ऐसा तब नहीं हो पाया क्योंकि उस समय नीति नियम बनाने वाले लोग गरीबों और गांव की समस्याओं से अवगत ही नहीं थे।

उन्होंने कहा कि आज करीब सवा लाख बच्चे एकलव्य विद्यालयों में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में यदि लोग भगवान विरसा मुंडा को जान पाये हैं तो वह केंद्र की मोदी सरकार के कारण संभव हो पाया है।

शेखर ने कहा कि ‘आप’ के एक नेता ने कहा था कि उन्हें पांच साल दिये जाये तो वह दिल्ली में यमुना को स्वच्छ कर देंगे और अब वही नेता फिर पांच साल का समय मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली में यमुना स्वच्छ नहीं है तो यह न केवल राष्ट्रीय राजधानी बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को पूर्वांचल के लोगों को केवल वोट बैंक नहीं समझना चाहिए बल्कि उनके लिए काम भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले इस बात की कल्पना नहीं की जा सकती थी कि ग्रामीण क्षेत्र में ‘आनलाइन ट्रांजेक्शन’ हो पाएगा क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में इन सेवाओं का विस्तार असंभव माना जाता था।

शेखर ने कहा कि इस मामले में भारत अब दुनिया का अग्रणी देश बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *