फ्रिज में रखें फल-सब्जियों की ताज़गी बरकरार

untitled-design-2023-06-09t152502.614-sixteen_nine

फ्रिज आज के युग में गृहिणी के लिए वरदान बन गए हैं क्योंकि हर मौसम का साथी है फ्रिज। मौसम चाहे सरदी का हो, गरमी का हो या वर्षा का, गृहणियों को सब्ज़ियां और फल तो चाहिए ही। रोज़-रोज इनको खरीदना आज के व्यस्त जीवन में मुमकिन नहीं है। ऐसे में उन्हें कैसे स्टोर किया जाए ताकि उनकी ताजगी और पौष्टिकता को बरकरार रखा जा सके।
 प्याज को सूखी व ठंडी जगह पर रखें ताकि ये 2-3 हफ्तों तक ठीक रह सके।
 रंगीन पॉलिथिन में फल सब्जियां न रखें, न ही खरीदें। यदि रंगीन पॉलिथिन में सब्जी फल आए तो तुरन्त उसे बदल लें। फ्रिज में रंगीन पॉलिथिन में रखी सब्जी-फल यदि खराब हो रहे हों तो उन्हें आप देख भी नहीं सकते और पॉलिथिन में क्या है इसका अंदाजा भी नहीं लग सकता। रंगीन पालिथिन में रसायन डाले होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होते हैं।
 कटी हुई सब्जी-फल फ्रिज में न रखें। यदि मजबूरीवश रखना भी पड़े तो उसे लॉक वाले लिफाफों में रखें ताकि उनकी ताज़गी बरकरार रहे। सब्जी को पकाने से कुछ पूर्व ही काटें। इस प्रकार फल भी खाने से पूर्व निकालें।
 फ्रिज में टमाटर अधिक दिन तक स्टोर न करें। इनका स्वाद जल्दी बदलने लगता है। उसे स्टोर करने के लिए टॉमेटो प्यूरी बना कर फ्रिज कर लें। आवश्यकता अनुसार फ्रिज में निकाल कर रख लें। पौष्टिकता बरकरार रहेगी।
 अंगूर को फ्रिज में खुले बाउल में रखें। दो-तीन दिन तक अंगूर फ्रेश रहेंगे।
 सप्ताह भर के लिए सब्जियां फल स्टोर करने के लिए उन्हें सुखा कर या पोंछकर अलग अलग पोलीबैग में रखें। गीले फल और सब्जियां फ्रिज में जल्दी खराब हो सकती हैं।
 आम को तीन-चार दिन तक स्टोर कर सकते हैं। खरीदते समय थोड़े सख्त आम लें। फिर इन्हें लपेट कर पॉलीबैग में रख दें। ताजगी बरकरार रहेगी।
 मशरूम को ब्राउन पेपर बैग में रखकर ऊपर से गीला पेपर टॉवल लपेट दें ताकि मशरूम में ताजगी बनी रहे।
 हरे मटर छील कर लॉक वाले पॉली बैग में सुखाकर रखें। आवश्यकतानुसार निकाल कर प्रयोग करें। मटर ताजे रहेंगे।
 सभी साग बिना धुले फ्रिज में रखें। इन्हें अखबार में लपेटकर पॉलीबैग में रखें। तीन चार दिन तक साग ठीक रहेगा। बनाने से पूर्व निकाल कर काटें और अच्छी तरह से धोकर बनाएं।
 फ्रिज में धनिया काटकर टाइट कंटेनर में रखें। धनिया सप्ताह भर ताजा बना रहेगा।
 जल्दी खराब होने वाले फल सब्जियां फैलाकर रखें ताकि खराब न हों और पिचके भी नहीं।