हरियाणा विधानसभा चुनाव: शनिवार को मतदान, 1027 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा

0

चंडीगढ़, चार अक्टूबर (भाषा) हरियाणा की 90 विधानसभाओं के लिए मतदान शनिवार को होगा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जजपा के दुष्यंत चौटाला और 1027 अन्य उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस एक दशक के बाद सरकार में वापसी की उम्मीद कर रही है।

मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें 8,821 मतदाता सौ वर्ष से अधिक उम्र के हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

कुल 1,031 उम्मीदवार 90 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। इन उम्मीदवारों में 464 निर्दलीय लड़ रहे हैं।

अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि मतदान के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रमुख दलों में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और जननायक जनता पार्टी (जजपा)-आजाद समाज पार्टी (आसपा) गठबंधन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *