महात्मा गांधी के जीवन का संदेश मानव जाति के लिए शाश्वत मार्गदर्शक है: भूपेंद्र पटेल

0

पोरबंदर (गुजरात), दो अक्टूबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को महात्मा गांधी की 155वीं जयंती के अवसर पर पोरबंदर में उनके जन्मस्थान पर पुष्पांजलि अर्पित की।

पटेल ने कहा कि गांधीजी का जीवन संदेश शाश्वत है जो हमेशा मानव जाति के लिए मार्गदर्शक रहेगा।

महात्मा गांधी की जन्मस्थली कीर्ति मंदिर में एक छोटे से संग्रहालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लेने के बाद पटेल ने सुदामा मंदिर परिसर में ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’’ के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

केंद्रीय मंत्री एवं पोरबंदर के सांसद मनसुख मांडविया भी इस मौके पर मौजूद थे। पटेल ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी के आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और पर्यावरण संबंधी आदर्शों का पालन करके भारत को एक विकसित और उन्नत राष्ट्र बनना चाहिए। प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी इन आदर्शों पर काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने भारत को एक विकसित, उन्नत और शाश्‍वत राष्ट्र बनाने के लिए गांधी द्वारा प्रतिपादित नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

पटेल ने कहा, ‘‘पूज्य बापू का जीवन दुनिया को अहिंसा का संदेश है। महात्मा गांधी ने समाज के हाशिये के लोगों को जोड़कर ग्राम उत्थान का विचार दिया।’’

उन्होंने कहा कि गांधी ने प्रार्थना को ‘‘आत्मा के लिए भोजन’’ के रूप में इस्तेमाल किया, जो आत्मबोध के लिए आवश्यक है।

पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दुनिया भर से लोग कीर्ति मंदिर आते हैं और सर्व-धर्म प्रार्थना के माध्यम से नयी शक्ति प्राप्त करते हैं। राष्ट्रपिता की जयंती पर, लाखों लोग उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनका जीवन संदेश शाश्वत है जो हमेशा मानव जाति के लिए मार्गदर्शक रहेगा।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘आइये, हम सभी गांधीजी के मूल्यों को आत्मसात करें और स्वतंत्रता के इस अमृत काल में एक विकसित भारत – एक विकसित गुजरात बनाने के लिए मिलकर काम करें।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 10 साल पहले शुरू किया गया स्वच्छ भारत मिशन देश के हर दरवाजे तक पहुंच गया है और लोगों को स्वच्छता के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया है।

मांडविया ने कहा कि गांधी के अहिंसा, स्वच्छता, बुनियादी शिक्षा, अर्थव्यवस्था, अंत्योदय और एक आदर्श समाज के दृष्टिकोण का पालन करके प्रधानमंत्री भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

मांडविया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर नमन। सत्य, अहिंसा और सामाजिक कल्याण के उनके विचार और आदर्श हमारे जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उनके बताये रास्ते पर चलकर हम समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *