फिल्म जगत ने ‘टाइटन’ और ‘लीजेंड’’ रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी

0

नयी दिल्ली,  अमिताभ बच्चन, सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा जोनस और एस.एस. राजामौली सहित कई फिल्मी हस्तियों ने टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष और दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उद्योग जगत में सम्मानित और अपने परोपकार के लिए मशहूर रतन टाटा का बुधवार देर रात मुंबई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।

अमिताभ बच्चन ने टाटा के निधन को एक युग का अंत बताया। बिपाशा बसु और जॉन अब्राहम के साथ अमिताभ बच्चन ने 2004 में टाटा द्वारा निर्मित फिल्म ‘एतबार’ में काम किया था।

अमिताभ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभी-अभी रतन टाटा के निधन के बारे में पता चला..एक युग का अंत हो गया.. एक अत्यंत सम्मानित और विनम्र लेकिन दूरदर्शी व्यक्ति के साथ कुछ अद्भुत क्षण बिताए। वह अपार दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के धनी थे.. कई कार्यक्रमों में हम एक साथ शामिल हुए थे.. मेरी प्रार्थनाएं।’’

अभिनेत्री बिपाशा बसु ने उद्योगपति को उनकी सादगी और सहानुभूति के लिए याद किया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘हमेशा इतने सरल और सहानुभूति से भरे रहने तथा आपके योगदान के लिए धन्यवाद सर। दुनिया आपको याद करेगी शांति। ओम शांति।’’

सलमान खान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर ‘बहुत दुखी’ हैं।

अभिनेत्री करीना कपूर ने कहा, ‘‘टाइटन को अलविदा… ऊंची उड़ान भरें जैसा आपको पसंद है…।’’ कपूर ने रतन टाटा की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया में साझा की जिसमें टाटा एक लड़ाकू विमान में बैठे हैं।

रतन टाटा के पास जेट और हेलीकॉप्टर दोनों उड़ाने का लाइसेंस था।

अजय देवगन ने कहा कि दुनिया ने एक दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘रतन टाटा की विरासत हमेशा पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। भारत और उसके बाहर उनका योगदान अतुलनीय है। हम उनके बहुत आभारी हैं। ओम शांति। ’’

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने कहा कि टाटा ने अपनी दयालुता से लाखों लोगों के जीवन को छुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘नेतृत्व और उदारता की आपकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। हमारे देश के लिए आपने जो कुछ भी किया उसके लिए, आपके जुनून और समर्पण के लिए धन्यवाद। आप हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं, आपको बहुत याद किया जाएगा, सर।’’

आलिया भट्ट ने कहा कि उद्योगपति ने कई पीढ़ियों को सिखाया कि वास्तव में ‘देना क्या होता है’।

गायक दिलजीत दोसांझ ने जर्मनी के डसेलडोर्फ में आयोजित अपने संगीत समारोह के दौरान उद्योगपति को श्रद्धांजलि दी।

दिलजीत वर्तमान में अपने ‘दिल-लुमिनाती टूर’ के लिए वहां हैं।

दिलजीत की टीम की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर साझा एक वीडियो में गायक ने कहा, ‘‘यहां उनका नाम लेना जरूरी था क्योंकि उनका जीवन पूरी तरह से कड़ी मेहनत पर आधारित था। मैंने कभी कहीं नहीं पढ़ा कि उन्होंने किसी के बारे में कुछ बुरा कहा हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने कड़ी मेहनत और दान-पुण्य किया और यही जीवन है… लोगों की मदद करना। उन्होंने बेदाग जीवन जिया है।’’

पुलिस वाहनों की सुरक्षा में बृहस्पतिवार सुबह टाटा का पार्थिव शरीर अस्पताल से एम्बुलेंस से कोलाबा स्थित उनके आवास पर ले जाया गया।

उद्योगपति का बृहस्पतिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

फिल्म निर्माता एस.एस राजामौली ने कहा कि महान लोग जन्म लेते हैं और वे हमेशा अमर रहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘टाटा कंपनी के उत्पाद का इस्तेमाल किए बिना एक दिन की कल्पना करना भी मुश्किल है…रतन टाटा की विरासत रोजमर्रा की जिंदगी में समाहित है। यदि कोई पंचभूतों के साथ समय की कसौटी पर खरा उतर सकता है तो वह रतन टाटा हैं।’’

अक्षय कुमार ने कहा कि टाटा के निधन की खबर सुनकर वह दुखी हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दुनिया एक ऐसे इंसान को अलविदा कह रही है जिन्होंने टाटा कंपनी को एक साम्राज्य से कहीं कुछ ज्यादा बनाया। दयालुता, नवाचार और नेतृत्व की उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। एक सच्चे महापुरुष। ओम शांति। ’’

दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र ने कहा कि टाटा से मिलने का उनका सपना अधूरा रह गया।

उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक विनम्र राजा, जो अपने कर्मचारियों को अपने बच्चों की तरह मानता था। सर, आपको हमेशा प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।’’

अभिनेत्री-होस्ट सिमी गरेवाल ने रतन टाटा के लिए भावनाओं से भरा हुआ नोट लिखा। उन्होंने अपने लोकप्रिय टॉक शो ‘रेंडेजवस विद सिमी गरेवाल’ में टाटा को आमंत्रित किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘वे कहते हैं कि आप चले गए। आपके जाने का गम सहन करना बहुत कठिन है… बहुत कठिन… अलविदा मेरे दोस्त।’’

अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने रतन टाटा को सच्चे अर्थों में ‘भारत का रत्न’ बताया।

सिन्हा ने कहा, ‘‘… बेहतरीन इंसान, परोपकारी एवं उद्योग जगत के जाने-माने व्यक्ति, हमारे अपने, अब हमारे बीच नहीं रहे। समाज/राष्ट्र के लिए उनका योगदान बहुत बड़ा है। इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के प्रति संवेदना और प्रार्थनाएं हैं। रेस्ट इन पीस (आरआईपी)।’’

रणवीर सिंह ने रतन टाटा की एक पुरानी तस्वीर साझा की।

कमल हसन ने कहा, ‘‘राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए एक राष्ट्रीय धरोहर का नाम आधुनिक भारत की कहानी में सदैव अंकित रहेगा। उनकी सच्ची समृद्धि भौतिक संपदा में नहीं बल्कि उनकी नैतिकता, ईमानदारी, विनम्रता और देशभक्ति में निहित थी।’’

फिल्म ‘इंडियन 2’ के अभिनेता ने 2008 के मुंबई हमलों के बाद टाटा से हुई मुलाकात को याद किया जब वह मशहूर ताज होटल में ठहरे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘देश में उस संकट की घड़ी में वह खड़े रहे और भारतीय भावना का मूर्त रूप बन गए ताकि एक राष्ट्र और अधिक मजबूत होकर उभर सके।’’

बोमन ईरानी ने कहा, ‘‘दिवंगत होने के बाद भी रतन टाटा आधुनिक भारत के सबसे बेहतरीन नागरिकों में से एक रहेंगे। रतनशा, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’

अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने कहा, ‘‘कितने सम्माननीय इंसान हैं आप। आरआईपी।’’

अनुष्का शर्मा ने कहा, ‘‘रतन टाटा के निधन की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने हर काम में ईमानदारी, शालीनता और गरिमा के मूल्यों को बनाए रखा और वे वास्तव में भारत के प्रतीक और ताज थे। आरआईपी सर।’’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *