प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने पर सैनी को बधाई दी

0

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेता नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को पंचकूला में आयोजित एक समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता और राज्यभर से हजारों लोग शामिल हुए।

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने यहां दशहरा मैदान में सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने हिंदी में शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण करने के बाद सैनी ने उन्हें जनादेश देने के लिए हरियाणा के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह सुशासन, समानता और गरीबों के कल्याण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आज का दिन चुना जाना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज वाल्मीकि जयंती है। ऋषि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और विशेष रूप से दलितों के बीच पूजनीय हैं।

अंबाला छावनी से विधायक और पार्टी के वरिष्ठतम नेता अनिल विज, इसराना से विधायक कृष्ण लाल पंवार, बादशाहपुर से विधायक एवं अहीर नेता राव नरबीर सिंह, पानीपत ग्रामीण से विधायक एवं जाट नेता महिपाल ढांडा, फरीदाबाद से विधायक विपुल गोयल, गोहाना से विधायक अरविंद शर्मा, रादौर से विधायक श्याम सिंह राणा, बरवाला से विधायक रणबीर गंगवा और नरवाना से विधायक कुमार बेदी ने भी मंत्री पद की शपथ ली.

दो महिला विधायकों- तोशाम से विधायक श्रुति चौधरी और अटेली से विधायक आरती सिंह राव को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

श्रुति राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी की बेटी हैं। पहली बार विधायक बनीं आरती केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पुत्री हैं।

तिगांव से विधायक राजेश नागर और पलवल से विधायक गौरव गौतम ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।

चौधरी को छोड़कर सभी नए मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली। शपथ लेने के बाद प्रत्येक विधायक ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन किया।

हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और चिराग पासवान तथा भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई नेता समारोह में शामिल हुए और मंच पर बैठे।

इस समारोह में भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मेघालय के मुख्यमंत्री के. संगमा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस अवसर पर मौजूद थे।

समारोह के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी।

समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इसके बाद, सैनी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की नयी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी।

उन्होंने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखें, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब हमारी सरकार इस संकल्प पत्र को भी लागू करेगी।’’

हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। हिसार से विधायक सावित्री जिंदल समेत तीन निर्दलीय विधायकों ने भी पार्टी को समर्थन दिया।

सैनी (54) ने बुधवार को दत्तात्रेय से मुलाकात की थी। उन्होंने पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

भाजपा ने अपनी परंपरा से हटकर घोषणा की थी कि विधानसभा चुनावों के बाद अगर पार्टी हरियाणा में सत्ता में लौटती है तो सैनी मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

पार्टी के ओबीसी चेहरे सैनी ने मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। उन्होंने कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से 16,054 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *