सेल्‍फ मेड एक्‍ट्रेस हैं श्रद्धा कपूर

0

एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की हालिया रिलीज फिल्म ‘स्त्री 2’ ने बॉक्‍स ऑफिस पर रिकॉर्ड ब्रेक कमाई की है। इस फिल्‍म ने, कई बड़े बजट की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर की एक्टिंग की  खूब तारीफ हो रही है। इस फिल्म की सक्सेस के साथ ही, वह बॉलीवुड की लीडिंग एक्ट्रेस बन चुकी हैं।

‘स्त्री 2’ के जरिए श्रद्धा कपूर ने लगभग 16 महीने बाद वापसी की है।  ‘स्त्री 2’ उनके करियर की लगातार दूसरी हिट फिल्‍म है। इससे पहले वह  रनबीर कपूर के साथ फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ में नजर आई थीं। इस फिल्‍म ने भी दुनिया भर में 223 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस फिल्‍म में श्रद्धा कपूर का बोल्ड अंदाज बेहद जबर्दस्‍त था। फिल्‍म में उन्‍होंने अपने बिकिनी फिगर के जरिए, फैन्स के होश उड़ा दिए।

फिल्‍म ‘स्त्री 2’ की रिलीज के बाद इंस्टाग्राम पर श्रद्धा कपूर को फोलो करने वालों की तादाद 91.9 मिलियन से अधिक होने के बाद, इंस्टाग्राम पर आज वह सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाली एक्‍ट्रेस की सूची में पहली पोजीशन पर हैं।  

श्रद्धा कपूर का करियर हमेशा से इतना अच्छा नहीं रहा। उन्होंने 14 साल के करियर में लगभग 9 फ्लॉप फिल्में दी हैं। उनकी डेब्‍यू फिल्म ’तीन पत्ती’ (2010) बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। उसके बाद उनकी फिल्‍म ’लव का दी एंड’ (2011) भी दर्शकों की नब्‍ज थामने में नाकाम साबित हुई।  मोहित सूरी की फिल्म ‘आशिकी 2’ (2013) की रिलीज के बाद श्रद्धा कपूर को पहचाना जाने लगा।

उसके बाद श्रद्धा के नाम के साथ एक के बाद एक ’एक विलेन’ (2014) ’हैदर’ (2014) ’एबीसीडी 2’ (2015) ’बागी’ (2016) ’रॉक ऑन 2’ (2016), ’साहो’ (2019) ’स्त्री’ (2018) ’छिछोरे’ (2019) जैसी फिल्मे जुड़ती गईं। इनमें से कुछ हिट रहीं तो कुछ फ्लॉप भी हुईं।

एक स्‍टार फादर की बेटी होने के बावजूद, श्रद्धा कपूर को एक सेल्‍फ मेड एक्‍ट्रेस कहा जा सकता है। उन्‍होंने अपने टैलेंट के दम पर आगे बढ़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है।  

श्रद्धा कपूर का मासूम सा नजर आने वाला चेहरा, प्यारी हंसी और कमाल की एक्टिंग हर किसी को दीवाना बना देती है। फिल्मों में अपने किरदार को परफेक्ट बनाने के लिए श्रद्धा कपूर जी तोड़ मेहनत करती हैं।

श्रद्धा कपूर में जहां छोटे शहर की लड़की वाली शोखी नजर आती है, वहीं बड़े शहर की लड़की वाला भरपूर ग्लैमर भी उनके पास है। इस तरह श्रद्धा कपूर को पूरी तरह बैलेंस्ड एक्‍ट्रेस कहा जा सकता है।  

खबर आ रही है कि उन्हें  पंकज पाराशर व्दारा निर्देशित ’चालबाज इन लंदन’ और विशाल फुरिया की ’नागिन’ के आफर मिले हैं। श्रद्धा कपूर कश्‍मीर के राजौरी में पुलिस कॉंस्‍टेबल के पद तैनात, कीर्ति चक्र से सम्मानित बहादुर कश्मीरी लड़की रूखसाना कौसर की बायोपिक भी करने जा रही हैं।

श्रद्धा कपूर अपने डेढ़ दशक के करियर में अब तक कई हिट फिल्में दे चुकी है, लेकिन अभी तक उन्हें हिंदी सिनेमा के तीन खान सलमान, शाहरुख और आमिर के साथ काम करने का अवसर नहीं मिला है लेकिन अब ‘स्‍त्री 2’ के बाद वह बॉलीवुड की लीडिंग एक्ट्रेस बन चुकी हैं। ऐसे में उम्‍मीद की जा रही है कि बहुत जल्‍द वह तीन में से किसी खान के साथ स्‍क्रीन शेयर करती नजर आ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *