राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 74वें जन्मदिन पर बधाई दी

0

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 74वें जन्मदिन पर बधाई दी और कामना की कि उनके अभिनव प्रयास भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त करें।

मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के एक शहर में हुआ था।

मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बल पर असाधारण नेतृत्व प्रदान किया है तथा देश की समृद्धि और प्रतिष्ठा में वृद्धि की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी कामना है कि आपके द्वारा राष्ट्र प्रथम की भावना से किए जा रहे अभिनव प्रयासों से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त हो। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप दीर्घायु हों तथा सदैव स्वस्थ एवं सानंद रहें।’’

मोदी ने नौ जून 2024 को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार शपथ ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *