असम में भाजपा सदस्यों की संख्या 40 लाख के पार पहुंची : हिमंत

0

गुवाहाटी, 25 सितंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों की संख्या 40 लाख के पार पहुंच गई है जबकि पार्टी ने राज्य में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

शर्मा ने यहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से कहा कि सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान जारी है और दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत से पहले समूचे राज्य में नौ अक्टूबर को यह समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि हर निर्वाचन क्षेत्र के लिए 40,000 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है और अगर कोई क्षेत्र ‘‘इस लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहता है तो हम दुर्गा पूजा के बाद वहां फिर से सदस्यता मुहिम शुरू करेंगे’’।

शर्मा ने कहा, ‘‘कल रात तक हमारे पास 43,67,000 से अधिक सदस्य थे और देश में पार्टी की कुल सदस्यता में असम 10 प्रतिशत योगदान करता है…। भाजपा की सदस्यता मुहिम उसके सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के निर्वाचन क्षेत्रों में भी उत्साहजनक रही है।’’

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम में भाजपा के सदस्यता अभियान 2024 ने 40 लाख के आंकड़े को पार कर लिया है। मैं अपने साथी कार्यकर्ताओं को उनके असाधारण परिश्रम के लिए धन्यवाद देता हूं। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को पूरा नहीं कर लेते। उनका सपना हमारी पार्टी की विचारधारा को हर घर तक पहुंचाने का था।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *