थाईलैंड के संवैधानिक न्यायालय ने प्रगतिशील ‘मूव फॉरवर्ड पार्टी’ को भंग किया

बैंकॉक, थाईलैंड की एक अदालत ने बुधवार को प्रगतिशील ‘मूव फॉरवर्ड पार्टी’ को भंग करने का आदेश दिया। मूव फॉरवर्ड पार्टी ने 2023 के राष्ट्रीय चुनाव में जीत हासिल की थी।

थाईलैंड के संवैधानिक न्यायालय ने कहा कि मूव फॉरवर्ड पार्टी ने देश के शाही परिवार से जुड़े कानून में संशोधन का प्रस्ताव करके संविधान का उल्लंघन किया गया है।

संवैधानिक न्यायालय ने कहा कि उसने सर्वसम्मति से पार्टी को भंग करने के लिए मतदान किया क्योंकि कानून में संशोधन करने के उसके अभियान को देश की संवैधानिक राजशाही को उखाड़ फेंकने का प्रयास माना गया।

चुनाव आयोग ने मूव फॉरवर्ड पार्टी के खिलाफ तब एक याचिका दायर की थी जब जनवरी में संवैधानिक न्यायालय ने फैसला दिया था कि पार्टी को कानून में बदलाव की वकालत करनी बंद कर देनी चाहिए।

संबंधित कानून राजशाही को आलोचना से बचाता है और इसमें प्रत्येक अपराध के लिए 15 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। इस कानून को अनुच्छेद-112 के नाम से भी जाना जाता है।

इस फैसले में उन लोगों की राजनीतिक गतिविधियों पर 10 वर्ष का प्रतिबंध भी लगाया गया है, जो प्रस्तावित संशोधन के लिए अभियान चलाते समय पार्टी के कार्यकारी पदों पर थे।