मुर्मू ने तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति के साथ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की

दिली (तिमोर-लेस्ते),  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और दोनों देशों के बीच मधुर एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।

मुर्मू ने तिमोर-लेस्ते के अपने समकक्ष जोस रामोस-होर्ता के साथ दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की।

मुर्मू तिमोर-लेस्ते की यात्रा करने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति हैं। वह शनिवार को इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश पहुंची थीं।

रामोस-होर्ता ने राष्ट्रपति मुर्मू को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते’ से सम्मानित किया।

दिली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुर्मू का स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से भी दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। मुझे विश्वास है कि इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।’’

मुर्मू ने कहा, ‘‘ मैंने भारत और तिमोर लेस्ते के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, दवा, कृषि, क्षमता निर्माण और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए आज राष्ट्रपति रामोस-होर्ता के साथ व्यापक चर्चा की।’’

दोनों देशों के राष्ट्रध्यक्ष ने तिमोर लेस्ते के अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने की संभावना पर भी चर्चा की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वह देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते’ प्रदान किए जाने से बहुत सम्मानित महसूस कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत और तिमोर लेस्ते के बीच गहरी मित्रता को दर्शाता है।

राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, ‘‘तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड-कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते’ से नवाजा।

कार्यालय ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू को यह सम्मान सार्वजनिक सेवा में उनकी उपलब्धियों तथा शिक्षा, सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तीकरण के प्रति समर्पण के लिए दिया गया है।’’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण के तहत शनिवार सुबह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश तिमोर-लेस्ते पहुंचीं हैं। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड और फिजी की यात्रा की थी।

राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण के तहत तिमोर-लेस्ते के दिली पहुंचीं।”

तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति रामोस होर्ता ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे से आते समय वहां मौजूद बच्चों ने भी उनका स्वागत किया।

इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की यात्रा के दौरान मुर्मू प्रधानमंत्री जानाना गुसमाओ से भी मुलाकात करेंगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, तिमोर-लेस्ते में मुर्मू भारतीयों और ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ द्वारा आय़ोजित एक सामुदायिक भोज में शिरकत करेंगी।