मुख्यमंत्री मान ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया

चंडीगढ़, 18 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में संपन्न पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले पंजाब के हॉकी खिलाड़ियों को रविवार को यहां एक-एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

  मान ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि राज्य और देश के लिए गौरव बढ़ाने वाले इन सभी माटी के लाल को सम्मानित किया जा रहा है।

  भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस में कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1 से हराया था। टीम ने इससे पहले तोक्यो ओलंपिक 2020 में भी कांस्य पदक जीता था।

मान ने भारतीय टीम में शामिल पंजाब के आठ हॉकी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये से सम्मानित किया। उन्होंने ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के 11 अन्य खिलाड़ियों को भी 15-15 लाख रुपये से पुरस्कृत किया।

मान ने कहा कि उन्होंने भारतीय टीम का हर हॉकी मैच देखा और इन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने सभी को गौरवान्वित महसूस कराया है।

  उन्होंने कहा कि पदक जीतना हर देशवासी के लिए एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने जिम्मेदारी के साथ टीम का नेतृत्व करने के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह की सराहना की।

  मान ने कहा कि भारतीय हॉकी अपने पुराने गौरव को हासिल करते हुए पुनरुद्धार की राह पर है।

  उन्होंने नवंबर में पंजाब के मोहाली में चार देशों का हॉकी टूर्नामेंट आयोजित करने का विचार रखा और कहा कि वह इस संबंध में भारतीय हॉकी अधिकारियों से बात करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरे मन से काम कर रही है और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी।

  उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ ‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ का तीसरा सत्र 28 अगस्त से शुरू होगा, जो राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।

  मान ने कहा कि राज्य सरकार माहिलपुर क्षेत्र में फुटबॉल, संगरूर में मुक्केबाजी, जालंधर में हॉकी, लुधियाना में एथलेटिक्स और अन्य खेल क्लस्टर विकसित करेगी, जिससे खेलों को बढ़ावा मिल सके।

मान ने कहा कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और नौकरियां देने के अलावा, राज्य उन्हें पहले से दी गई नौकरियों में पदोन्नति देने की व्यवहार्यता भी तलाशेगा।

  मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को नशीली दवाओं के खतरे के खिलाफ राज्य के अभियान के लिए ब्रांड दूत बनाया जाएगा।

  हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि यह सम्मान राज्य में खेलों को और बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा।