चंद्रबाबू नायडू महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे से मिले, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की

मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके आवास पर मुलाकात की और मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य तथा बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शिंदे और नायडू ने प्रगति के लिए अपने राज्यों के बीच सहयोग पर चर्चा की। बैठक में नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री दादा भुसे, मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे मौजूद थे।

मुख्यमंत्री शिंदे के करीबी सूत्रों के अनुसार, शिंदे के आधिकारिक आवास वर्षा में दोनों मुख्यमंत्रियों ने करीब आधे घंटे तक बातचीत की।

उन्होंने बताया कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया, ‘‘शिंदे और नायडू ने दोनों राज्यों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग पर भी चर्चा की। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास और डिजिटल क्षेत्र में अवसरों के विस्तार से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की।’’

शिंदे की पार्टी शिवसेना और नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं।