पश्चिम रेलवे की मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं तकनीकी कारणों से बाधित

मुंबई, मुंबई के बोरिवली स्टेशन पर एक केबल कटने के बाद तकनीकी कारणों से पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर सोमवार को लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी रेलवे नेटवर्क पर लोकल ट्रेन सेवाओं में विलंब के कारण यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए अतिरिक्त मेट्रो सेवाओं का संचालन किया गया।

बोरिवली उत्तर मुंबई में सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन में से एक है। यहां से बड़ी संख्या में यात्री और कार्य स्थलों पर जाने वाले लोग लोकन ट्रेन सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।

पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने सुबह बताया कि तकनीकी खामी देर रात करीब दो बजे हुई और केबल कटने के कारण बोरिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो से उपनगरीय रेलगाड़ियां नहीं चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि स्टेशन के बाकी प्लेटफॉर्म – तीन से लेकर आठ पर रेलगाड़ियों का संचालन हो रहा है।

पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने बाद में बताया कि तकनीकी खामियों को आंशिक रूप से दुरुस्त कर लिया गया है लेकिन मरम्मत का काम अभी जारी है।

पश्चिम रेलवे रोजाना 1,300 से अधिक उपनगरीय रेल सेवाओं का संचालन करता है और दक्षिण मुंबई में चर्चगेट से पड़ोसी पालघर जिले के दहाणू के बीच फैले इसके नेटवर्क पर ट्रेन सेवाओं में करीब 30 लाख यात्री सफर करते हैं।

महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एक प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने पश्चिम रेलवे मार्ग पर लोकल ट्रेन सेवाओं में विलंब के कारण यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए सोमवार की सुबह अतिरिक्त सेवाओं का संचालन किया।

अधिकारी ने बताया कि सामान्यत: व्यस्त समय के दौरान 21 ट्रेन चलती हैं लेकिन सोमवार को 24 ट्रेन चलायी गयीं।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अभी मेट्रो लाइन 2ए और 7 पर चार अतिरिक्त ट्रेन चलायी गयी हैं।’’ स्थिति सामान्य होने तक अतिरिक्त सेवाएं जारी रहेंगी।