दिल्ली की जनता विधानसभा चुनाव के लिए विकल्प ढूंढ रही है, जो भाजपा है: सचदेवा

नयी दिल्ली,  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि राष्ट्रीय राजधानी की जनता अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विकल्प ढूंढ रही है।

भाजपा ने 2014 और 2019 की तरह इस बार भी दिल्ली की सभी सात सीट पर जीत हासिल की है।

सचदेवा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारे विरोधी कहते थे कि वोटों के बंटने से लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत का रास्ता साफ होता है, लेकिन इस बार दोनों दलों आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को गठबंधन होने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा है।”

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम बताते हैं कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी (आप) के भ्रष्टाचार को नकार दिया है और वह 2025 के विधानसभा चुनाव में एक विकल्प तलाश रही है।

उन्होंने कहा, “वह विकल्प भाजपा है।”

दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनावों में भाजपा को ‘आप’ के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। 2015 के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को कुल 70 में से 67 जबकि भाजपा को तीन सीट पर जीत मिली थी जबकि 2020 के चुनाव में ‘आप’ ने 62 जबकि भाजपा ने आठ सीट जीती थीं।