तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी

चेन्नई, 19 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनकी प्रशंसा करते हुए एक वीडियो क्लिप भी साझा किया।

राहुल आज 54 वर्ष के हो गए।

स्टालिन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रिय भाई राहुल गांधी आपको जन्मदिन मुबारक। देश की जनता के प्रति आपका समर्पण आपको अत्यंत ऊंचाई पर ले जाएगा। आपको शुभकामनाएं देता हूं कि यह साल सतत प्रगति और सफलता से भरा रहे।’’

वीडियो में स्टालिन को राहुल गांधी को ‘डियर ब्रदर’ (प्रिय भाई) संबोधित करते हुए सुना जा सकता है, इसमें तमिलनाडु की प्रशंसा करते हुए राहुल गांधी की भी एक क्लिप है। इसमें एक हिस्सा उस समय का भी है जब पिछले दिनों लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान राहुल गांधी द्रमुक अध्यक्ष के लिए एक दुकान पर मिठाई खरीद रहे थे। इसमें राज्य में हुए विभिन्न आयोजनों की भी झलकियां हैं जिनमें दोनों नेताओं ने साथ में भाग लिया।