सेबी 49 अधिकारियों की नियुक्ति करेगा, आवेदन मांगे

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) पूंजी बाजार नियामक सेबी ने इस साल विभिन्न विभागों में 49 अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। इससे सेबी को अपने नियामकीय कामकाज के तेजी से और अधिक प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

यह निर्णय भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा मार्च में 97 वरिष्ठ स्तर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित करने के बाद लिया गया है।

ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए लिंक मूल रूप से 13 अप्रैल को खुलने वाला था। हालांकि, आम चुनाव के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

सेबी ने मंगलवार को एक नए नोटिस में सामान्य, विधि, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल, अनुसंधान और आधिकारिक भाषा विभाग में ऑफिसर ग्रेड ए (सहायक प्रबंधक) के 49 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए लिंक 30 जून तक खुला रहेगा।

नियामक सामान्य विषय (जनरल स्ट्रीम) में 34 पद, सूचना प्रौद्योगिकी में 10, विधि दल में दो तथा इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल), अनुसंधान तथा आधिकारिक भाषा विभागों में एक-एक पद भरने की योजना बना रहा है।

चयन 27 जुलाई से शुरू होकर तीन चरणों में संपन्न होगा।

सेबी पिछले कुछ वर्षों से अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ा रहा है।