मतगणना के लिए कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां जोरों पर

नयी दिल्ली,  लोकसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां जोरों पर हैं।

पार्टी मुख्यालय ‘24 अकबर’ रोड के परिसर में टेंट लगाया गया है। वहां कूलर की व्यवस्था भी की गई है।

कांग्रेस समर्थक पार्टी की इन तैयारियों को ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत की स्थिति में जश्न की तैयारी के रूप में देख रहे हैं।

मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से आरंभ होगी।

अधिकतर ‘एग्जिट पोल’ में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। अधिकतर सर्वेक्षणों में राजग को 350 से अधिक सीट मिलने की संभावना जताई गई है। अगर असल परिणाम भी एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक रहते हैं, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगाता तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ सत्ता संभालेंगे।

कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दलों ने एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है और दावा किया है कि विपक्षी गठबंधन अगली सरकार बनाएगा।