जेपी नड्डा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाला

0

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद सोमवार को नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी आवंटित किया गया।

पिछली मोदी सरकार में दोनों मंत्रालयों का कार्यभार मनसुख मांडविया के पास था।

नड्डा ने मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय संभाला था, उसके बाद 2019 में उन्हें भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का पद सौंपा गया और जनवरी 2020 में अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में नियुक्त होने के बाद भाजपा अध्यक्ष को पूर्ण रूप से पार्टी अध्यक्ष बना दिया गया।

भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो चुका है। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए उनके कार्यकाल में छह महीने का विस्तार दिया गया था।

भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है।

नड्डा (63) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह 1991 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष बने।

नड्डा के पास कानून की डिग्री है।

उन्होंने भाजपा में कई प्रमुख पदों पर काम किया और कई राज्यों में पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व भी किया।

नड्डा ने अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकारों में मंत्री के रूप में भी काम किया।

नड्डा वर्ष 2012 में राज्यसभा के लिए चुने गए और 2014 में अमित शाह के पार्टी अध्यक्ष बनने पर उन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया।

इस बीच, शिवसेना सांसद प्रतापराव जाधव ने स्वास्थ्य राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उन्हें आयुष मंत्रालय भी (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में आवंटित किया गया है। 64 वर्षीय जाधव ने महाराष्ट्र के बुलढाणा लोकसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *