हिमाचल प्रदेश : कंगना और अनुराग ठाकुर जीते, दो अन्य सीट पर भाजपा आगे

शिमला, चार जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीट में से दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल कर ली है, जबकि दो सीट पर वह आगे है। यह जानकारी निर्वाचन आयोग से मिली है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी विक्रमादित्य सिंह को 74 हजार 755 मतों के अंतर से हरा दिया है, जबकि हमीरपुर सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पांचवीं बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के सतपाल रायजादा को एक लाख 82 हजार 357 मतों के अंतर से पराजित किया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और शिमला से मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप 90,548 मतों से आगे हैं। वहीं, भाजपा के कांगड़ा से उम्मीदवार राजीव भारद्वाज दो लाख 51 हजार 895 मतों से आगे हैं।

भारद्वाज के कांग्रेसी प्रतिद्वंद्वी आनंद शर्मा ने हार स्वीकार कर ली है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शर्मा ने कहा, “कांगड़ा से चुनाव लड़ना एक शानदार अनुभव था और मैं अपनी हार को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं और राजीव भारद्वाज को उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं।”

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैं कांग्रेस नेतृत्व और सहयोगियों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मैंने यह जानते हुए कि कांगड़ा भाजपा का गढ़ है, पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया।”

उन्होंने कहा, “मैं कांगड़ा और चंबा के लोगों के प्यार और स्नेह के लिए उनका आभारी हूं।”

वहीं, अनुराग ठाकुर ने उम्मीद जताई कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग एक बार फिर देश में सरकार बनाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में पार्टी को भारी जनादेश देने के लिए लोगों का आभार जताया।

इस बीच, सुरेश कश्यप ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि नतीजे ‘एग्जिट पोल’ के मुताबिक ही लग रहे हैं और लोगों ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया था।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि लोगों ने एक बार फिर पार्टी को जनादेश दिया है।

बिंदल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा सत्ता का “दुरुपयोग” किए जाने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में भाजपा सभी चार लोकसभा सीट पर आगे चल रही है।