झारखंड में झामुमो नीत ‘भ्रष्ट’ गठबंधन को सत्ता से बेदखल करके अगली सरकार बनाएगी भाजपा: चौहान

0

रांची, 23 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत ‘‘भ्रष्ट’’ गठबंधन को सत्ता से उखाड़कर राज्य में अगली सरकार बनाएगी।

चौहान और असम के मुख्यमंत्री एवं झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव सह-प्रभारी हिमंत विश्व शर्मा ने इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने के लिए रांची में पार्टी नेताओं, विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की।

उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां उसने आठ सीट जीतीं और उसकी सहयोगी आजसू पार्टी को एक सीट मिली।

उन्होंने कहा, “संसदीय चुनाव में 81 विधानसभा सीट में से हमें 52 पर बढ़त मिली थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरा कार्यकाल दिलाने में राज्य ने अहम भूमिका निभायी। मैं इस उपलब्धि के लिए पार्टी नेतृत्व, बूथ कार्यकर्ताओं और झारखंड की जनता को बधाई देता हूं।”

उन्होंने कहा कि पार्टी बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में काम करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड में अगली सरकार बनाएगी।

चौहान ने आरोप लगाया कि राज्य में मौजूदा झामुमो नीत सरकार “भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार” है। उन्होंने कहा, “राज्य में हर जगह लूट मची हुई है, चाहे वह रेत हो, कोयला हो, खदानें हों या खनिज। मुख्यमंत्री जेल में हैं और कई नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया जा रहा है।”

चौहान ने कहा कि झारखंड को कुशासन से मुक्त करना और भाजपा के सुशासन को बहाल करना आवश्यक हो गया है ताकि राज्य को ‘विकसित’ झारखंड बनाया जा सके।

इससे पहले, चौहान और शर्मा ने पार्टी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नामकुम परिसर और रांची के हटिया इलाके में लीची बागान में पौधे लगाए।

चौहान ने संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर्यावरण के प्रति चिंतित हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को सुरक्षित बनाने के लिए यह पहल शुरू की गई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *