‘यादव परिवार’ के पांचों उम्मीदवारों ने बनायी मजबूत बढ़त

लखनऊ, चार जून (भाषा) लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सियासी लिहाज से प्रभावशाली यादव परिवार के अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव सहित सभी पांच उम्मीदवार अब तक के रूझानों में मजबूत बढ़त बनाये हुए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भाजपा के सुब्रत पाठक से एक लाख 70 हजार 636 वोट से आगे हैं, जबकि मैनपुरी में डिंपल यादव भाजपा के जयवीर सिंह से दो लाख 21 हजार 639 मतों से आगे हैं।

आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ से 1,54,836 वोट से आगे हैं जबकि फिरोजाबाद में पार्टी नेता राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव भाजपा के विश्वदीप सिंह से 89,582 वोट से बढ़त बनाये हुए हैं।

बदायूं में सपा नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव भाजपा के दुर्विजय सिंह शाक्य से 1,6,249 वोट से आगे हैं। पार्टी ने पहले इस सीट पर शिवपाल को टिकट दिया था, लेकिन बाद में उनके बेटे आदित्य को टिकट दे दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव पर अपने परिवार के सदस्यों को टिकट देने का आरोप लगाया था।