हरियाणा द्वारा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं छोड़े जाने पर केंद्र को पत्र लिखूंगी: आतिशी

नई दिल्ली, 30 मई (भाषा) दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को वजीराबाद यमुना जलाशय का निरीक्षण किया और कहा कि वह हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय राजधानी के हिस्से का पानी नहीं छोड़े जाने के मुद्दे पर वह केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगी।

दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी हो रही है और राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। आतिशी ने आरोप लगाया है कि पानी की कमी की वजह हरियाणा द्वारा यमुना में दिल्ली के हिस्से का पानी रोकना है।

आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,” वज़ीराबाद यमुना जलाशय का निरीक्षण किया, यहां से पानी वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला जल उपचार संयंत्रों में जाता है। यमुना नदी का स्तर 674 फुट होना चाहिए, लेकिन यह मात्र 670.3 फुट पर है। इस वजह से दिल्ली के अलग अलग हिस्सों में पानी की क़िल्लत है।”

उन्होंने लिखा,” आज केंद्र सरकार को भी पत्र लिखूंगी। उनकी भी ज़िम्मेदारी है कि दिल्ली को अपने हिस्से का पानी मिले। हरियाणा को दिल्ली का पानी रोकने का कोई अधिकार नहीं है।”

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार जल संकट के संबंध में बृहस्पतिवार को एक आपात बैठक करेगी।