एयर इंडिया की दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को उड़ान में हुई अत्यधिक देरी

नयी दिल्ली, सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान के यात्रियों को बृहस्पतिवार शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि विमान में तकनीकी समस्या के कारण उड़ान में छह घंटे से अधिक की देरी हो गई।

एयरलाइन के एक अधिकारी के अनुसार एआई 183 उड़ान को बृहस्पतिवार को साढ़े तीन बजे रवाना होना था लेकिन उसका समय बदल दिया गया है और अब वह उड़ान शुक्रवार को तीन बजे उड़ान भरेगी।

इस उड़ान के कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर इस देरी को लेकर शिकायत की। एक ने कहा कि विमान में वातानुकूलन नहीं था।

पत्रकार श्वेता पुंज ने बृहस्पतिवार रात को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ अगर निजीकरण की कोई कहानी विफल हुई है तो वह एयर इंडिया है। एआई 183 उड़ान में आठ घंटे से अधिक देरी हो गयी, यात्रियों को बिना वातानुकूलन के विमान में चढ़ाया गया। जब उड़ान में कुछ लोग बेहोश हो गये तब यात्रियों उतार दिया गया। यह अमानवीय है।’’

उन्होंने दिल्ली हवाई अड्डे पर बैठे कुछ यात्रियों की तस्वीरें भी साझा की।

एयरलाइन अधिकारी ने कहा कि विमान में तकनीकी समस्या आ गई थी जिसके बाद उसकी जांच की गई।

अधिकारी ने बताया कि अब यह उड़ान शुक्रवार को तीन बजे उड़ान भरेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को पूर्ण धन वापसी, निःशुल्क पुनर्निर्धारण और होटल में ठहरने का विकल्प दिया गया है।