तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त, कामारेड्डी में चंद्रशेखर राव पीछे

हैदराबाद,  तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक के रुझानों में कांग्रेस अपनी प्रतिद्वंद्वी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से बढ़त बनाए हुए है और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव भी अपने विधानसभा क्षेत्र कामारेड्डी में कांग्रेस उम्मीदवार रेवंत रेड्डी से पीछे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के प्रमुख रेवंत रेड्डी कोडंगल और कामारेड्डी दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस 58, भारत राष्ट्र समिति 33, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सात और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एक सीट पर आगे है।

दक्षिणी राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को साधारण बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम 60 सीट जीतनी होंगी।

के. चन्द्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस 2014 में तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिए जाने के बाद से सत्ता पर काबिज है। इसने 2018 का चुनाव भी जीता था। पार्टी इस बार भी लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद कर रही है।

कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार अभियान चलाया था। भाजपा ने भी अपने प्रचार अभियान के दौरान सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ तीखा हमला किया था।