केंद्रीय मंत्री सोनोवाल विकास परियोजनाओं का जायजा लेने अंडमान पहुंचे

पोर्ट ब्लेयर,  केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को सुबह यहां पहुंचे।

वह ग्रेट निकोबार द्वीप के समग्र विकास सहित ‘सागरमाला’ परियोजनाओं पर बैठकें आयोजित करने के लिए कैंपबेल खाड़ी गए।

सोनोवाल दिन में ‘गैलाथिया बे इंटरनेशनल कंटेनर ट्रांसशिपमेंट पोर्ट’ परियोजना का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और ‘इंदिरा प्वाइंट लाइट हाउस’ का भी दौरा करेंगे।

बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर पोर्ट ब्लेयर के वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। इसके बाद वह हवाई मार्ग से निकोबार जिले में कैंपबेल बे के लिए रवाना हो गए।

मंत्री कैंपबेल बे बंदरगाह से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और स्थानीय लोगों के साथ भी संवाद करेंगे।

‘सागरमाला’ परियोजना भारत में बंदरगाह आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए जहाजरानी मंत्रालय का प्रमुख कार्यक्रम है।

‘सागरमाला’ परियोजना के तहत ग्रेट निकोबार द्वीप को विकसित किया जाएगा।