मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया

अमरावती,  आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को ताडेपल्ली स्थित अपने कैंप कार्यालय में राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।

रेड्डी को पुलिस विभाग ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया और कुछ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पी. श्रीरामुलु और कई अन्य लोगों के बलिदान के कारण तेलुगू लोगों के लिए एक अलग राज्य वास्तविकता बना। आज हम उनकी प्रेरणा से प्रदेश के हर परिवार के कल्याण और विकास के लिए आगे बढ़ रहे हैं।’’

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी श्रीरामुलु की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश की जनता के रूप में हमें खुद को मजबूत करना चाहिए और अपने देश को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाना चाहिए।’’

बाद में, उन्होंने भाषा और संस्कृति विभाग के निदेशक आर. मल्लिकार्जुन राव द्वारा लिखित ‘स्वतंत्रोडायमलो आंध्रुलु: अनसंग हीरोज’ नाम की पुस्तक का विमोचन भी किया।

तत्कालीन मद्रास प्रेसीडेंसी से पृथक कर एक नवंबर 1956 को आंध्र प्रदेश का गठन किया गया था।