मथुरा में एक से 11 नवम्बर तक ब्रजरज महोत्सव का आयोजन

मथुरा (उत्तर प्रदेश), उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में ब्रजरज उत्सव में एक नवंबर से ब्रज के साथ देश की विविध संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद, राज्य पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक नवम्बर से 11 नवम्बर तक रेलवे ग्राउण्ड पर ‘ब्रजरज उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके दौरान मनोरंजन के साथ—साथ यहां विभिन्न प्रकार की शिल्पकला भी देखने को मिलेगी। इस उत्सव में देश के जाने—माने कलाकार प्रतिभाग करने आ रहे हैं। परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज वर्मा ने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाले कलाकारों में भजन गायक हंसराज रघुवंशी, माधवाज़ बैंड, इंडियन ओशियन, हेमंत ब्रजवासी, केके सूफी और अतुल पंडित, अभिलिप्सा पंडा, कन्हैया मित्तल, कैलाश पीयूषा, गीतांजलि शर्मा, मैथिली ठाकुर और ओसमान मीर आदि मुख्य हैं।
इनके अलावा ब्रज के कलाकारों को भी आयोजन में स्थान दिया गया है। जो बांसुरी वादन, स्वांग, लोकनृत्य, ब्रज की होली, रसिया दंगल, समाज गायन, गूजरी नृत्य, रांझा, भगत, कथक नृत्य, लावनी, लोकगीत, मटका नृत्य, चरकुला, नौटंकी, आभेर नृत्य आदि की प्रस्तुतियां देंगे। इस बीच एक दिन कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शिल्प मेला भी आयोजित किया जाएगा। मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे। फूड कोर्ट भी रहेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक होंगी। इससे पूर्व गत वर्ष इसी प्रकार का आयोजन वृन्दावन कुंभ मेला क्षेत्र में किया गया था।